ड्राइवर को झपकी लगी और एक्सप्रेस-वे के ब्रिज से नीचे जा गिरा ट्रक, एक की मौत, दो घायल
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लालाखेड़ा के पास हादसा, दूसरे व्यक्ति की भी रतलाम इलाज के दौरान हुई मौत
रतलाम. जिले के जावरा में दिल्ली मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर ग्राम लालाखेड़ा के पास सोमवार 15 सितंबर की सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच बड़ा हादसा हो गया।
रतलाम तरफ से चुकंदर भरकर दिल्ली की ओर जा रहा ट्रक लालाखेड़ा के पास ब्रिज से नीचे जा गिरा। बताया जा रहा है कि ट्रक ड्राइवर को झपकी लगी होगी और ट्रक असंतुलित होकर ब्रिज से नीचे गिर गया। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर घायल हुए हैं। जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से रतलाम रेफर किया गया है। हालांकि जिन्हें रतलाम रेफर किया था उनमें से भी एक व्यक्ति की मौत इलाज के दौरान रतलाम में हो चुकी है। ऐसे कुल मिलाकर हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही अंडरपास से ट्रक को हटाया ताकि रास्ता क्लियर हो सके। मौके पर मौजूद दशरथ शर्मा और बसंती लाल पाटीदार ने बताया कि ग्राम लालाखेड़ा के लोगों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग दिया है।
जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस के अनुसार जिसे रतलाम रेफर किया उसमें एक गंभीर घायल का नाम परवान पिता आबिद (18) निवासी नुहूं हरियाणा बताया जा रहा है। जबकि एक मृतक का नाम आसिक निवासी खेतल हरियाणा और दूसरे का इरफान खान निवासी नूहू हरियाणा बताया जा रहा है। बाकी की जानकारी पुलिस जुटा रही है।