लापता राहुल सालित्रा 24 घंटे बाद भी नहीं मिला, धाकड़ समाज के लोग रात में सिटी थाने पहुंचे

मोती नगर में खेत से सब्जी लेने गया था, वापस नहीं लौटा, मौके पर चप्पल, गिलकी व सीरिंज मिली, जांच शुरू

लापता राहुल सालित्रा 24 घंटे बाद भी नहीं मिला, धाकड़ समाज के लोग रात में सिटी थाने पहुंचे

लापता राहुल धाकड़

मोती नगर के आसपास कुओं में कैमरे डालकर भी सर्चिंग की

जावरा. हुसैन टेकरी रोड किनारे मोती नगर में रहने वाला 27 साल का राहुल पिता प्रभुलाल सालित्रा 26 सितंबर 2025 की शाम 6 बजे से लापता है। वह मोती नगर में घर के पीछे स्थित खेत से सब्जी तोड़ने गया था। उसके बाद वापस नहीं लौटा। मौके पर उसकी चप्पल, टूटी हुई गिलकी की सब्जी और एक इंजेक्शन की खाली सीरिंज मिली है। इससे समाज वालों को राहुल के अपहरण की आशंका है। इधर सिटी थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के साथ ही जांच शुरू कर दी है।                मोती नगर में जहां से राहुल लापता हुआ, उसके आसपास के कुओं में कैमरा डालकर तथा तैराक उतारकर सर्चिंग की लेकिन राहुल नहीं मिला। एक पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर रही है लेकिन शनिवार रात तक मामले में कोई ठोस अपडेट सामने नहीं आई। इस बीच 27 सितंबर शनिवार रात करीब 9.15 बजे धाकड़ समाज के कई लोग सिटी थाने पहुंचे और राहुल को ढूंढने की मांग की। अपहरण की आशंका जताते हुए कहा कि यदि पुलिस रविवार सुबह तक राहुल को नहीं ढुंढती है तो प्रदर्शन करेंगे। इधर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने आश्वासन दिया है कि पुलिस पूरे प्रयास कर रही है। एक पुलिस टीम कैमरे खंगाल रही है। डीआरसी टीम की मदद से आसपास के कुओं में सर्चिंग की गई। मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे है। राहुल को जल्द से जल्द ढूंढने का पूरा प्रयास कर रहे है। इस आश्वासन के बाद समाजजन थाने से वापस चले गए। इधर पुलिस की सर्चिंग रात में भी जारी रही।

सिटी थाना परिसर में मौजूद धाकड़ समाज के लोग।