महू-नीमच हाइवे पर चलते ट्रकों से माल उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 बदमाश दबोचे, देसी कट्‌टे सहित 8.59 लाख का माल बरामद

उखेड़िया के कंजर गिरोह का था प्रमुख हाथ, 7 आरोपी अभी भी फरार, नामली पुलिस ने किया खुलासा

महू-नीमच हाइवे पर चलते ट्रकों से माल उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 बदमाश दबोचे, देसी कट्‌टे सहित 8.59 लाख का माल बरामद

रतलाम. महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर स्पीड ब्रेकर और घाटियों में ट्रकों की धीमी रफ्तार का फायदा उठाकर तिरपाल काटकर लहसुन, सरसों सहित अन्य माल उड़ाने वाले गिरोह पर नामली पुलिस ने करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत नामली पुलिस ने गिरोह के 4 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि 7 अन्य सदस्य फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए लहसुन, सरसों, 4 बिना नंबर की मोटरसाइकिलें, अवैध हथियार देसी कट्‌टा और जहरीली शराब सहित कुल करीब ₹8.59 लाख का मश्रुका बरामद किया है।

ऐसे रची गई कार्रवाई की बिसात

जिले में हाईवे पर ट्रकों से चोरी की लगातार आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार ने विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए थे। एएसपी राकेश पान्द्रो एवं प्रभारी एसडीओपी अजय सारवान के मार्गदर्शन में नामली थाना प्रभारी अमित कोरी के नेतृत्व में टीम ने हाईवे व आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। 16 सितंबर को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि धर्मेंद्र बापू के खेत पर बने मकान के पीछे कुछ संदिग्ध जमा हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर तीन आरोपी खेतों की तरफ भाग निकले। बाद में एक अन्य सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया।

फिल्मी अंदाज में वारदात: बाइक से ट्रक पर चढ़ते, नीचे फेंकते थे बोरियां

पूछताछ में आरोपियों ने जो तरीका बताया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। गिरोह के सदस्य चोरी की बिना नंबर वाली बाइकों पर तीन-तीन की संख्या में सवार होकर हाईवे पर रेकी करते थे। जैसे ही तिरपाल बंधा कोई ट्रक स्पीड ब्रेकर या ढलान (घाटी) के पास धीमा होता, बाइक के बीच बैठा बदमाश चलती गाड़ी से रस्सी के सहारे ट्रक पर चढ़ जाता था। इसके बाद वह तिरपाल काटकर कृषि उपज की बोरियां सड़क किनारे नीचे गिरा देता था। पीछे बाइक पर चल रहे अन्य साथी उन बोरियों को उठाकर हाईवे से करीब 500 मीटर दूर खेत में बने मकान में छिपा देते थे और बाद में ठिकाने लगाते थे।

क्या-क्या हुआ जप्त (कुल मूल्य: ₹8,59,000)

चोरी की कृषि उपज: 14 कट्टे लहसुन (कीमत ₹1.05 लाख) व 13 कट्टे सरसों (कीमत ₹4.30 लाख)।

वाहन: वारदात में प्रयुक्त 4 बिना नंबर की मोटरसाइकिलें (कीमत ₹2.80 लाख)।

अवैध हथियार: 32 बोर का देशी पिस्टलनुमा कट्टा, मैगजीन व 2 जिंदा कारतूस (कीमत ₹40,000)।

अवैध शराब: 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की जहरीली शराब (कीमत ₹4,000)।

गिरफ्त में आए ये चार आरोपी

गिरफ्तार 

अमन पिता दीपू सिसोदिया (22), उखेड़िया

राहुल पिता गोरिया हाड़ा (30), उखेड़िया

निखिल पिता बबलू हाड़ा (23), उखेड़िया

सोनू पिता राजेन्द्र सिसोदिया (22), मेवासा 

फरार है ये 7 आरोपी: अनीश हाड़ा, चिंटू हाड़ा, अमित हाड़ा, अभिषेक सिसोदिया, आशीष चौहान, राजकुमार राणावत (सभी निवासी उखेड़िया) तथा धर्मेंद्रसिंह सिसोदिया (निवासी मेवासा)। इनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

इस पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी नामली अमित कोरी, जावरा शहर थाना प्रभारी दीपक मण्डलोई, उनि. रघुवीर जोशी, उनि. के.के. पटेल, सउनि. जुगलकिशोर रावत, राजेन्द्र जगताप, प्र.आर. दिलीप रावत, गोपाल बारुपाल, कांतिलाल ओहरिया, जितेन्द्रसिंह गोड़, मुकेश गणावा, राधु किराड़े, गोपाल खराड़ी, धर्मेंद्र मईड़ा, राहुल उपाध्याय, आर. माखनसिंह, फकीरचंद, कुनाल रावत, ललित वर्मा, अविनाश यादव, नारायणसिंह पंवार, म.आर. सोनिया तथा सायबर सेल के आरक्षक तुषार सिसोदिया की मुख्य भूमिका रही।