ये लो जो कभी गृहमंत्री थे, आज पुलिस उन्हीं की नहीं सुन रही... रतलाम एसपी चेंबर के बाहर फर्श पर बैठ गए पूर्व गृहमंत्री
फिर कुछ ही घंटे में दर्ज भी हो गई एफआईआर... टीआई के खिलाफ भी जांच
रतलाम. मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री रहे वरिष्ठ भाजपा नेता हिम्मत कोठारी 20 मई को अचानक एसपी ऑफिस पहुंचे और एसपी चेंबर के बाहर फर्श पर ही बैठ गए। जैसे ही एसपी को इसकी जानकारी मिली वे चैंबर से बाहर आए और पूर्व गृहमंत्री कोठारी को मनाया तथा उनकी बात सुनी और चेंबर में ले गए। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री कोठारी ने अपने एक बचपन के मित्र मीसाबंदी बसंत पुरोहित की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूर्व में एसपी से मिलकर निवेदन किया था। लेकिन संबंधित पर कोई कार्रवाई नहीं होने से कोठारी नाराज हो गए और सीधे जाते ही एसपी चेंबर के बाहर धरने पर बैठ गए। हालांकि मामले में एसपी अमित कुमार ने उन्हें बताया कि संबंधित को नोटिस दिया था लेकिन वह दस्तावेज लेकर नहीं आया इसलिए कार्रवाई लंबित रही। फिर भी संबंधित थाना अधिकारी को नोटिस देंगे और मामले की जांच कर अवैध कब्जा करने वाले खिलाफ त्वरित कार्रवाई भी की जाएगी। इधर मीडिया से चर्चा में पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी ने अपना गुस्सा जाहिर किया और उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने अराजकता फैला रखी है। जब जनप्रतिनिधियों की ही नहीं सुनी जाएगी तो आम जनता का क्या होगा। जैसे ही यह खबर और इसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो प्रशासन के साथ ही भाजपा संगठन में भी खलबली मच गई।
और फिर कुछ ही घंटे में दर्ज भी हो गई एफआईआर...
एसपी कार्यालय ने शाम 4:00 बजे जानकारी जारी करते हुए बताया कि फरियादी शरद पिता वसंत पुरोहित, उम्र 80 वर्ष निवासी सुभाष मार्ग धानमंडी रतलाम द्वारा थाना डीडी नगर पर उपस्थित होकर सूचना दी गई कि डीडी नगर क्षेत्र में स्थित उनके स्वामित्व के प्लॉट क्रमांक 237 एवं 238, जिनकी वैध रजिस्ट्री एवं संबंधित दस्तावेज उनके पास उपलब्ध हैं, पर आरोपी कमलेश टॉक एवं राजेश टॉक द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। फरियादी के अनुसार आरोपी उक्त प्लॉटों पर अपने वाहन खड़े करते हैं तथा विरोध करने पर विवाद एवं धमकी देते हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना डीडी नगर पर अपराध क्रमांक 339/2026 धारा 329(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने लिया गया संज्ञान, टीआई के खिलाफ भी जांच
उक्त प्रकरण में लापरवाही बरतने के संबंध में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा गंभीर संज्ञान लिया गया है। मामले में थाना प्रभारी के विरुद्ध प्राथमिक जांच प्रारंभ कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आमजन की शिकायतों पर समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
भूमि संबंधी मामलों के निराकरण हेतु विशेष शिविर लगेगा
भूमि संबंधी शिकायतों एवं विवादों के त्वरित निराकरण हेतु पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देश पर आगामी 07 दिनों तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम के सभागृह में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। जिले के समस्त थाना क्षेत्रों से फरियादी अपनी भूमि संबंधी शिकायतें एवं दस्तावेज लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच सकेंगे। शिविर के दौरान प्राप्त शिकायतों पर पुलिस अधिकारियों द्वारा संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण कर त्वरित वैधानिक कार्रवाई एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही लंबित भूमि विवादों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
.....
विज्ञापन
