सुखेड़ा के आदिनाथ जैन मंदिर में दिनदहाड़े चोरी, सोने का हार व चांदी का चक्र ले गए चोर
रतलाम. रतलाम जिले के सुखेड़ा गांव में स्थित श्री आदिनाथ जैन मंदिर में 21 जून 2026 को दिनदहाड़े चोरी हो गई। कोई व्यक्ति मंदिर में दर्शन करने के बहाने श्रद्धालु बनकर गया और मौका मिलते ही प्रतिमा से सोने का हार और एक चांदी का चक्र चोरी कर लिया तथा वहां से रफूचक्कर हो गया। घटनाक्रम शाम करीब 4 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। सूचना पर मंदिर समिति पदाधिकारी और समाजजन वहां पहुंचे। पूजारी से जानकारी लेने के बाद पुलिस को जानकारी दी। सुखेड़ा चौकी प्रभारी राजू मखोड़ सहित पुलिस टीम ने मंदिर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि रात तक मामले में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी है और दावा किया जा रहा है कि जल्द चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
