अमरनाथ यात्रा से लौट रहे मंदसौर के श्रद्धालुओं की बस जम्मू-कश्मीर में 50 फीट गहरी खाई में गिरी, 40 घायल; सभी सुरक्षित
डिप्टी सीएम देवड़ा सक्रिय, मुख्यमंत्री को भी दी जानकारी, जम्मू कश्मीर सरकार से भी संपर्क में है, यात्रियों की हो रही पूरी मदद
मंदसौर, (28 जुलाई 2026)
अमरनाथ यात्रा पूरी कर लौट रहे मध्य प्रदेश के मंदसौर और नीमच जिले के श्रद्धालुओं के साथ मंगलवार सुबह जम्मू-कश्मीर में एक बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक यात्री बस अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र सहित आसपास के करीब 40 यात्री घायल हुए हैं। गनीमत यह रही कि खाई में गिरने के बाद बस नीचे बने एक मकान की छत पर अटक गई, जिससे वह सीधे सिंधु नदी में समाने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। चोट आई लेकिन सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मंदसौर की एक यात्रा कंपनी के माध्यम से श्रद्धालुओं का यह दल अमरनाथ यात्रा पर गया था। मंगलवार सुबह करीब 5:30 से 7:00 बजे के बीच, यात्रियों से भरी बस गांदरबल जिले के कंगन (गुंड) क्षेत्र में हरीगनीवान के पास रंगा मोड़ (एस-मोड़) से गुजर रही थी। इसी दौरान तीव्र मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे खाई में उतर गई।
स्थानीय लोगों और सेना ने चलाया रेस्क्यू, श्रीनगर रेफर
हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय कश्मीरी नागरिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, ITBP और SDRF के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। भारी बारिश और कठिन रास्तों के बीच युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस की खिड़कियां और शीशे तोड़कर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए उप जिला अस्पताल कंगन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें 'एसकेआईएमएस' (SKIMS) अस्पताल, सौरा (श्रीनगर) रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन सभी की स्थिति खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है।
डिप्टी सीएम देवड़ा सक्रिय, मुख्यमंत्री मोहन यादव ले रहे पल-पल की अपडेट
चूंकि अधिकांश श्रद्धालु मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं, इसलिए हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र के विधायक और मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा तुरंत सक्रिय हो गए। डिप्टी सीएम देवड़ा ने सीधे जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात कर घायलों के लिए सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पूरे घटनाक्रम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी अवगत कराया है। मध्य प्रदेश सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। उधर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके उचित उपचार के निर्देश दिए।
मंदसौर में परिजनों की बढ़ी धड़कनें, प्रशासन ने दिया हर संभव मदद का भरोसा
हादसे की खबर जैसे ही मंदसौर और नीमच जिले में फैली, श्रद्धालुओं के गांवों और घरों में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित होने और केवल चोटें आने की आधिकारिक पुष्टि के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय प्रशासन घायलों के परिवारों के संपर्क में है और श्रीनगर से लगातार हेल्थ अपडेट साझा किए जा रहे हैं।
