सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा को लेकर भक्तों में भरपूर उत्साह, 22 अगस्त से निकलेगी यात्रा
टीजीपी में हुई बैठक में पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता, विधायक डॉ. पांडेय बोले सनातन धर्म की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी
जावरा. विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के पुत्र प्रांजल पांडेय के नेतृत्व में निकाली जाने वाली सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा को लेकर शहर से लेकर गांव-गांव तक भोले के भक्तों में खासा उत्साह है। 28 जुलाई 2026 को इस कावड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए एक बैठक पिपलौदा रोड स्थित होटल टीजीपी में रखी गई। जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्तगण व कार्यकर्ता जुटे तथा यात्रा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प भी लिया है।
होटल दी ग्रांड पद्मा में हुई इस बैठक को विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की प्राचीन परम्पराओं एवं सामाजिक समरसता के संकल्प को समाज में स्थापित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। क्षेत्र एवं जन जन की खुशहाली के उद्देश्य को सार्थक करने हेतु सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा का आयोजन किया जाता रहा है। आप सब अपने-अपने क्षेत्र से इस यात्रा में भाग लेने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करें। इस दौरान भोले शम्भु-भोलेनाथ...और हर-हर महादेव.... के नारों से पांडाल गूंज उठा। इस अवसर पर कावड़ यात्रा के फोल्डर का विमोचन विधायक डॉ. पाण्डेय के साथ अन्य अतिथियों द्वारा किया गया।
सर्वप्रथम अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर बाबा महाकाल के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। शिवभक्त सेवा समिति के संस्थापक प्रांजल पाण्डेय ने कावड़ यात्रा के आयोजन के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सनातन धर्म की रक्षा व प्रचार-प्रसार के लिए कावड़ यात्रा निक़ाली जा रही है। उन्होंने उक्त कावड़ यात्रा में शामिल होने के इच्छुक कावड़ियों से आग्रह किया कि वे समिति के सदस्यों से सीधे सम्पर्क कर सकते हैं। सनातन धर्म के सम्मान में आयोजित इस कावड़ यात्रा के समर्थन में एक दिन के लिए स्वेच्छा से सभी सनातन धर्म प्रेमी इस यात्रा में परिवार सहित सम्मिलित हो यह अपील की। संस्थापक प्रांजल पाण्डेय ने कहा कि सनातन धर्म को मजबूत बनाने और भगवा ध्वज के सम्मान में हम सबको एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 1 अगस्त 2026 से समिति के सदस्य गांव- गांव पहुंचेंगे और ग्रामीणों को कावड़ यात्रा की जानकारी देकर लोगों को इससे जोड़ने का काम करेंगे। तीन दिवसीय कावड़ यात्रा अगले महीने की 22 अगस्त से श्री मनकामनेश्वर मिण्डाज़ी महादेव मंदिर से प्रारम्भ होगी। जो जावरा का भ्रमण करते हुए 23 अगस्त को पिपलौदा पहुंचेगी। ग्राम आम्बा में रात्रि विश्राम के पश्चात अगली सुबह सैलाना स्थित केदारेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना होगी। इस मौके पर बैठक में जावरा विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में सनातनी, शिवभक्त उपस्थित रहे।. बैठक का संचालन महेश सोनी ने किया है।

