जीवन सिंह शेरपुर सहित कई लोगों पर एफआईआर दर्ज
रतलाम. जिले की पिपलौदा थाना पुलिस ने करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर सहित कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जीवन सिंह और उनके समर्थकों के साथ ही अन्य लोगों ने पिपलोदा में श्याम बिहारी पटेल पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 24 मार्च को थाने के सामने रोड बंद करके धरना दिया था। इसी मामले में एक फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने जीवन सिंह के साथ ही पिपलोदा निवासी हनी कटारिया, बसंती लाल राठौर, राहुल खारोल और जावरा के असलम मेव सहित अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126 (2), 3(5) में रास्ता रोकने संबंधी प्रकरण दर्ज किया है। पखवाड़े भर में जीवन सिंह द्वारा किया गया यह तीसरा बड़ा प्रदर्शन था। इसके पहले रिंगनोद थाने में और उसके बाद 17 मार्च को रतलाम में भी उन्होंने विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। तब पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कई आरोप भी लगाए थे। हालांकि उन दोनों मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हुई लेकिन पिपलोदा में हुए चक्का जाम मामले में पुलिस ने कानूनी शिकंजा कस दिया है। इधर पिपलोदा में श्याम बिहारी पटेल पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी जीतू अन्ना उर्फ जितेंद्र राठौर निवासी बांसवाड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इसमें भी नया मोड़ आया हुआ है क्योंकि आरोपी जीतू अन्ना ने प्रॉपर्टी विवाद में हमला करना पुलिस को बताया था लेकिन श्याम बिहार पटेल का कहना है कि असल कारण यह नहीं है। राजनीतिक कारणों के चलते हमला करवाया गया हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करें तो सच सामने आएगा।