मवेशियों के कंकाल बेचने के आरोप, नपा में हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने दिया धरना, थाने भी पहुंचे

जावरा का मामला, सीएमओ कार्यालय में जाकर लगाए मुर्दाबाद के नारे, सीएमओ ने कहा हमें इसकी जानकारी नहीं है, पुलिस को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है

मवेशियों के कंकाल बेचने के आरोप, नपा में हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने दिया धरना, थाने भी पहुंचे

रतलाम. जावरा नगरपालिका परिसर में 12 अगस्त 2026 को हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। वे मवेशियों के कंकाल लेकर ही नगरपालिका पहुंच गए और वहां रखकर सीएमओ के खिलाफ नारेबाजी की। इन कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगरपालिका का सादाखेड़ी में जो ट्रेचिंग ग्राउंड है वहां पर गोवंश के कंकाल इकट्‌ठे करके कहीं बेचे जा रहे है। ऐसी आशंका है क्योंकि कार्यकर्ता चार दिन पहले वहां गए थे तो बोरियों में कंकाल भरे रखे थे। हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका की मिलीभगत के आरोप तक लगाए। सीएमओ के चैंबर में जाकर कंकाल दिखाए और कहा कि नपा जिम्मेदारी ले या फिर मामले में जो ऐसा कर रहा है उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएं।

          आखिर में सीएमओ चंद्रशेखर सोनिस ने आईए थाने में पत्र भेजकर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की बात कही, तब जाकर कार्यकर्ता माने। हालांकि नपा का पत्र लेकर कार्यकर्ता आईए थाने गए तो वहां पुलिस ने कह दिया कि विधिवत आवेदन और फरियादी चाहिए तो एफआईआर होगी। एक दो लाइन के पत्र पर सीधे किसी पर केस दर्ज नहीं हो सकता है। इसके बाद कुछ देर कार्यकर्ताओं ने थाने में धरना दिया और वहां से उठकर वापस नगरपालिका पहुंचे, जहां दौबारा धरना दिया है। सीएमओ का कहना है कि कंकाल सिर्फ गोवंश के ही नहीं बल्कि इसमें अन्य मवेशी के कंकाल भी हो सकते है। नपा की इसमें कोई मिलीभगत नहीं है। ये आरोप बिल्कुल गलत है। इधर कार्यकर्ताओं ने नपा से उचित कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर नगर के मध्य घंटाघर चौराहे पर जाकर वहां कंकाल रख दिए और धरने पर बैठ गए है।

दोबारा धरने में भी नगरपालिका से ठोस आश्वासन नहीं मिला तो घंटाघर चौराहे पर जाकर धरने पर बैठ गए।