खेतों में पहुंचे मुख्यमंत्री, किसानों को गले लगाकर बोले कलेक्टर से सर्वे करवा रहे है, सरकार किसानों के साथ

जावरा विस को सौगात : रियावन-कालूखेड़ा सड़क बनाने की घोषणा, सीएम बोले रियावन आएंगे, दाल-बाटी खाएंगे और सड़क बनवाएंगे

खेतों में पहुंचे मुख्यमंत्री, किसानों को गले लगाकर बोले कलेक्टर से सर्वे करवा रहे है, सरकार किसानों के साथ

रतलाम. प्रदेश के कई जिलों में पीला मोजक व अति वृष्टि से फसलें खराब हुई है। मुख्यमंत्री खुद विभिन्न जिलों में पहुंचकर वस्तुस्थिति पता कर रहे है। 12 सितंबर 2025 शुक्रवार को वे रतलाम जिले के सैलाना ब्लॉक के गांव करिया पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसान मनोहरलाल मालवीय एवं राधेश्याम पाटीदार के खेतों में पहुंचकर जलभराव और पीला मोजक से खराब हुई फसलों का जायजा  लिया। किसानों को गले लगाया और उन्हें आश्वस्त किया कि हम कलेक्टर से सर्वे करवा रहे है। अतिवृष्टि से जहां भी फसलों को नुकसान हुआ है, वहां हर खेत का सर्वे कर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। किसान भाई चिंता नहीं करें। राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने किसान माधुलाल पिता तुलसीराम से भी खराब फसलों को लेकर चर्चा की तथा बोले कि राज्य सरकार इस संकट से किसानों को उबारेगी। ताल के पास ग्राम सेमलिया से भी कुछ किसान खराब फसलें लेकर आए थे, मुख्यमंत्री ने उन किसानों से भी चर्चा की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस दौरान जावरा विधायक डाॅ. राजेंद्र पांडेय ने भी खेतों में पहुंचकर मुख्यमंत्री को वस्तुस्थिति बताई।

किसान चौपाल में बोले मुख्यमंत्री : हर खेत का पारदर्शिता के साथ सर्वे करवाएंगे

खेतों में फसल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान चौपाल में किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा किसानों के प्रति केन्द्र एवं प्रदेश सरकार संवेदनशील है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों के हित के लिए किसान सम्मान निधि दी जा रही है। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा भी किसानों को सहायता राशि दी जा रही है। प्रदेश के 30 लाख किसानों को सोलर पंप प्रदान किए जाएंगे। गायों के लिए गौशालाएं बनाई गई है, जिससे निराश्रित गाय खेतों को नुकसान नहीं पहुंचा सकें। किसान भाई जरा भी चिंता नहीं करें। सरकार हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूरे क्षेत्र में जहां भी नुकसान हुआ है हर खेत का पारदर्शिता के साथ पूरा सर्वे होगा।

सीएम ने कहा रियावन आएंगे, दाल-बाटी खाएंगे और सड़क बनाएंगे मैं घोषणा करता हूं...

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला कलेक्टर को खराब हुई फसलों का सर्वे कराए जाने के निर्देश दिए। वहीं विधायक डॉ. पांडेय और वहां मौजूद कुछ किसानों की मांग पर ग्राम रियावन से कालूखेड़ा तक सड़क बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने विधायक से चर्चा के बाद मंच से कहा कि हम रियावन आएंगे, दाल-बाटी खाएंगे और सड़क बनाएंगे। जिला प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय, रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शंभुलाल चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री द्वारा खेतों में किए गए निरीक्षण व किसानों से चर्चा का वीडियो देखने के लिए यह लिंक क्लिक करें.. https://youtube.com/shorts/WGSI0NuzeDI?si=UtOUZSbmCUegu1LN