चंबल की रपट पर पानी होने के बावजूद उतारी पिकअप, रपट से नीचे लटकी, ड्राइवर बहा, साथी बचकर निकला

असावती के पास भरतपुरा की रपट पर हादसा, सीतामऊ पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया लेकिन नहीं मिला ड्राइवर

चंबल की रपट पर पानी होने के बावजूद उतारी पिकअप, रपट से नीचे लटकी, ड्राइवर बहा, साथी बचकर निकला

रतलाम. जिले के रिंगनोद थाने की असावती पुलिस चौकी क्षेत्र में होकर चंबल नदी बहती है। वहीं पास में भारतपुरा गांव है और उसी जगह से सीतामऊ थाना की सीमा लगती है। दोनों थानों की बॉर्डर पर भारतपुरा समीप चंबल नदी में स्टापडेम की रपट है, जिस पर 19 सितंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे पानी होने के बावजूद दो लोगों ने पिकअप रपट पर उतार दी। पानी का बहाव अधिक होने और रपट पर फिसलन के कारण पिकअप का संतुलन बिगड़ा और पिकअप वाहन फिसलते हुए रपट किनारे नदी में जाकर लटक गई। जान बचाने के लिए पिकअप ड्राइवर कमल सिंह राजपूत निवासी मांजूखेड़ी जिला आगर तथा उसका साथी उदय सिंह आंजना निवासी मउड़िया जिला उज्जैन पिकअप से रपट पर कूदे। उदय सिंह आंजना तो गिरते-पड़ते रपट पार कर नदी किनारे चला गया लेकिन ड्राइवर कमल सिंह फिसलकर नदी में गिर गया। इसके बाद से लापता है। सूचना पर सीतामऊ थाने के सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह सिसौदिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने थाने के माध्यम से मंदसौर एसडीईआरएफ को सूचना दी। टीम नाव व अन्य रेस्क्यू उपकरण लेकर मौके पर पहुंची और ड्राइवर कमल की सर्चिंग शुरू की। शाम 6 बजे तक नदी में ढूंढा लेकिन ड्राइवर का कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने पर रेस्क्यू मुहिम बंद कर दी और अब 20 सितंबर की सुबह फिर से सर्चिंग शुरू करेंगे। इस मौके पर असावती पुलिस चौकी के आरक्षक भी मौजूद थे। वहीं सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति एवं थाना प्रभारी विकास गेहलोत भी घटना स्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि पिकअप सवार दोनों लोग असावती से लहसुन लगाने की प्लांटर मशीन लेने जा रहे थे, उसके पहले ही यह हादसा हो गया।

रेस्क्यू के दौरान नदी किनारे मौजूद सीतामऊ थाने के पुलिस अधिकारी व ग्रामीण

स्कूली बच्चों को ट्रैक्टर से घर पहुंचाया

इधर रतलाम जिले के ही पिपलौदा ब्लॉक के गांव मावता में 19 सितंबर को दोपहर में तेज बारिश हुई। इसके कारण गांव के पास नाला उफान पर आ गया। स्कूली बच्चे नाले किनारे फंस गए थे, जिन्हें ग्राम पंचायत ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था करके स्कूल से घर तक पहुंचाया। मावता क्षेत्र में तेज बारिश से खेतों में भी नुकसान हुआ है।

चंबल नदी में रपट से लटकी पिकअप और रेस्क्यू का वीडियो देखने के लिए यह लिंक क्लिक करें.. https://youtube.com/shorts/b9H3b6YDZVA?si=kExO9ik2R4TA9IE4