जावरा के डेयरी संचालक का 25 वर्षीय बेटा बड़ावदा के पास खदान में डूबा, मौत
दु:खद हादसा: रक्षा बंधन मनाने के लिए मामा के गांव फाचरिया गया था प्रिंसराज, नहाने खदान में कूदा तो डूब गया

रतलाम. जावरा का एक युवक बड़ावदा के पास पानी की खदान में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। यह दु:खद घटनाक्रम रविवार 10 अगस्त 2025 की दोपहर में हुआ। हादसे के बाद से ही परिवार के रो-रोकर बुरे हाल है।
25 वर्षीय प्रिंसराज सिंह सोलंकी रक्षा बंधन मनाने के लिए बड़ावदा के पास गांव फाचरिया अपने मामा के वहां गया था। रविवार को वह मामा परिवार व गांव के अन्य युवकों के साथ ग्राम सेदरी के पास पहाड़ी पर स्थित खदान गया। वहां नहाने के लिए प्रिंसराज सिंह खदान में भरे पानी में कूदा। इसके बाद वापस बाहर नहीं निकला और डूब गया। तभी आसपास मौजूद लोगों ने अन्य ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला और जावरा ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सुपुर्द किया है। उसके पिता अमर सिंह सोलंकी जावरा के शुक्रवारिया में दूध डेयरी का संचालन करते है। जैसे ही परिवार को प्रिंसराज के डूबने की खबर मिली तो वे क्षुब्ध हो गए। परिजन और स्नेहीजन अस्पताल पहुंचे। पीएम के बाद शाम 6 बजे मृतक प्रिंसराज का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे से पूरे शहर में शौक की लहर है।