सैनिक सम्मेलन : 24वीं बटालियन के जवानों ने प्रभारी कमांडेंट से कही मन की बात
नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया, पौधे भी लगाए। वीडियो देखने के लिए खबर के नीचे दी हुई लिंक क्लिक करें

रतलाम. जावरा की विशेष सशस्त्र बल 24वीं बटालियन में 23 जुलाई 2025 को सैनिक सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें प्रभारी सेनानी एवं रतलाम एसपी अमित कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। प्रभारी कमांडेंट एवं एसपी अमित कुमार ने बटालियन जवानों से सीधे संवाद करते हुए उनकी व्यक्तिगत एवं कार्य से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना। जवानों ने विभिन्न मुद्दों जैसे ड्यूटी में संतुलन, स्वास्थ्य सेवाएं, अवकाश, पारिवारिक आवश्यकताएं आदि से संबंधित समस्याएं साझा की। कमांडेंट कुमार ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा और जवानों के हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इंचार्ज कमांडेंट बोले - नशे से शरीर के साथ समाज और परिवार पर भी पड़ता है प्रतिकूल प्रभाव
सैनिक सम्मेलन के बाद मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत बटालियन के अधिकारियों व जवानों को नशा मुक्ति के लिए शपथ दिलवाई गई। इसमें जवानों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कमांडेंट अमित कुमार ने संबोधन में कहा कि नशा न केवल शरीर को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। हर जवान को अनुशासन और आत्म-नियंत्रण का उदाहरण बनना चाहिए।
विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
बटालियन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी हुआ। अधिकारियों और जवानों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वाहिनी के उपसेनानी मनोहर सिंह बारिया, एडजुडेंट अजय बहादुर लावरे, निरीक्षक मुकेश द्विवेदी, सूबेदार रामरतन गोयल एवं बटालियन हवलदार मेजर देवीसिंह गरवाल एवं वाहिनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बटालियन में हुए आयोजन को लेकर बटालियन परिवार द्वारा उपलब्ध करवाए गए वीडियो देखने के लिए यह लिंक क्लिक करें https://youtube.com/shorts/8Vg0l32E0fM?si=K50Q3nuPdnJg30nR