ताल में पति-पत्नी ने की आत्महत्या, कारण स्पष्ट नहीं, कल सुबह होगा महिला का पीएम
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया, परिवार शोक में डूबा
रतलाम. जिले के ताल नगर में पति-पत्नी ने आत्महत्या कर ली। कारण स्पष्ट नहीं हुआ लेकिन बताया जा रहा है कि मृतक संजू प्रजापत उम्र 32 साल और उसकी पत्नी मंजू प्रजापत 29 साल है। इन्होंने 7-8 जून 2026 की दरमियान रात घर के पीछे कमरे में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे तबीयत बिगड़ी और इनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक सुबह 6 बजे परिजन दोनों को ताल के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां पर मंजू प्रजापत को मृत घोषित कर दिया और संजू उर्फ संजय प्रजापत को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पड़ताल में कोई पारिवारिक कारण हो सकता है। खैर कारण जो भी हो लेकिन पति-पत्नी की मौत से इनके 7 साल और तीन साल के बेटे-बेटी के सिर से माता-पिता का साया उठ गया और इसीलिए सभी परिजन शोक में डूबे है। मृतक महिला का पोस्टमार्टम 9 जून की सुबह होगा। दोनों के शव रतलाम मेडिकल कॉलेज में रखवाए गए है।